Friday 18 December 2015

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर क्रांतिकारी ठाकुर रोशन सिंह जी 💐 🙏
ठाकुर रोशन सिंह भारत की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले क्रांतिकारियों में से एक थे। 9 अगस्त, 1925 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पास ‘काकोरी’ स्टेशन के निकट ‘काकोरी कांड’ के अंतर्गत सरकारी खजाना लूटा गया था। यद्यपि ठाकुर रोशन सिंह ने ‘काकोरी कांड’ में प्रत्यक्ष रूप से भाग नहीं लिया था, फिर भी उनके आकर्षक व रौबीले व्यक्तित्व को देखकर डकैती के सूत्रधार रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी के साथ उन्हें 19 दिसम्बर, 1927 को फांसी दे दी गई। ठाकुर रोशन सिंह का जन्म 22 जनवरी, 1892 को उत्तर प्रदेश के ख्याति प्राप्त जनपद शाहजहांपुर में स्थित गांव ‘नबादा’ में हुआ था। उनकी माता का नाम कौशल्या देवी और पिता का नाम ठाकुर जंगी सिंह था। ठाकुर रोशन सिंह का पूरा परिवार ‘आर्य समाज’ से अनुप्राणित था। वे अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़े थे। जब गांधीजी ने ‘असहयोग आन्दोलन’ शुरू किया, तब रोशन सिंह ने उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर और बरेली जिले के ग्रामीण क्षेत्र में अद्भुत योगदान दिया था।
हिन्दू धर्म, आर्य संस्कृति, भारतीय स्वाधीनता और क्रान्ति के विषय में ठाकुर रोशन सिंह सदैव पढ़ते व सुनते रहते थे। ईश्वर पर उनकी आगाध श्रद्धा थी। हिन्दी, संस्कृत, बंगला और अंग्रेजी इन सभी भाषाओं को सीखने के वे बराबर प्रयत्न करते रहते थे। स्वस्थ, लम्बे, तगड़े सबल शारीर के भीतर स्थिर उनका हृदय और मस्तिष्क भी उतना ही सबल और विशाल था। ठाकुर रोशन सिंह 1929 के आस-पास ‘असहयोग आन्दोलन’ से पूरी तरह प्रभावित हो गए थे। वे देश सेवा की और झुके और अंतत: रामप्रसाद बिस्मिल के संपर्क में आकर क्रांति पथ के यात्री बन गए। यह उनकी ब्रिटिश विरोधी और भारत भक्ति का ही प्रभाव था की वे बिस्मिल के साथ रहकर खतरनाक कामों में उत्साह पूर्वक भाग लेने लगे। ‘काकोरी कांड’ में भी वे सम्म्लित थे और उसी के आरोप में वे 26 सितम्बर, 1925 को गिरफ्तार किए गए थे।
जेल जीवन में पुलिस ने उन्हें मुखबिर बनाने के लिए बहुत कोशिश की, लेकिन वे डिगे नहीं। चट्टान की तरह अपने सिद्धांतो पर दृढ रहे। ‘काकोरी काण्ड’ के सन्दर्भ में रामप्रसाद बिस्मिल, राजेन्द्रनाथ लाहिड़ी और अशफाक उल्ला खां की तरह ठाकुर रोशन सिंह को भी फांसी की सजा दी गई थी। यद्यपि लोगों का अनुमान था की उन्हें कारावास मिलेगा, पर वास्तव में उन्हें कीर्ति भी मिलनी थी और उसके लिए फांसी ही श्रेष्ठ माध्यम थी। फांसी की सजा सुनकर उन्होंने अदालत में ‘ओंकार’ का उच्चारण किया और फिर चुप हो गए। अपने साथियों में रोशन सिंह प्रोढ़ थे। इसलिए युवक मित्रों की फांसी उन्हें कचोट रही थी। अदालत से बहार निकलने पर उन्होंने साथियों से कहा था हमने तो जिन्दगी का आनंद खूब ले लिया है, मुझे फांसी हो जाए तो कोई दुःख नहीं है, लेकिन तुम्हारे लिए मुझे अफसोस हो रहा है, क्योंकि तुमने तो अभी जीवन का कुछ भी नहीं देखा।
उसी रात रोशन सिंह लखनऊ से ट्रेन द्वारा इलाहाबाद जेल भेजे गए। उन्हें इलाहाबाद की ‘मलाका’ जेल में फासी दिए जाने का फैसला किया गया था। उसी ट्रेन से ‘काकोरी कांड’ के दो अन्य कैदी विष्णु शरण दुबलिस और मन्मथनाथ गुप्त भी इलाहाबाद जा रहे थे। उनके लिए वहां की नेनी जेल में कारावास की सजा दी गई थी।
लखनऊ से इलाहाबाद तक तीनों साथी, जो अपने क्रांति जीवन और ‘काकोरी कांड’ में भी साथी थे, बाते करते रहे। डिब्बे के दूसरे यात्रियों को जब पता चला की ये तीनों क्रन्तिकारी और ‘काकोरी कांड’ के दण्डित वीर हैं तो उन्होंने श्रद्धा-पूर्वक इन लोगों के लिए अपनी-अपनी सीटें खाली करके आराम से बेठने का अनुरोध किया। ‘मलाका’ जेल में रोशन सिंह को आठ महीने तक बड़ा कष्टप्रद जीवन बिताना पड़ा। फांसी से पहली की रात ठाकुर रोशन सिंह कुछ घंटे सोए। फिर देर रात से ही ईश्वर भजन करते रहे। फांसी के फंदे को चूमा, फिर जोर से तीन बार ‘वंदे मातरम’ का उद्घोष किया। ‘वेद मंत्र’ का जाप करते हुए वे 19 दिसम्बर, 1927 को फंदे से झूल गए।

No comments:

Post a Comment