Sunday 17 April 2016

उज्जैन के राजा भर्तहरि मां चामुंडा की आराधना के लिए देवास आते थे!
टेकरी पर एक सुरंग दो हजार साल पूर्व के इतिहास की जानकारी मिलती है।

मध्यप्रदेश के देवास जिले का नाम आते ही मां चामुंडा और तुलजा भवानी टेकरी का स्मरण हो आता है। कहते हैं देवास का नाम ही दो देवियों का वास से प्रचलन में आया है। ऊंचे भवन पर विराजित करोड़ों लोगों की आस्था का यह सदन बरसों पहले ऋषि-मुनियों की तपोस्थली भी रहा है।

कहा जाता है कि देवास की दो रियासतों के राजाओं की कुल देवियों के मंदिर स्थापित हैं। साल में चैत्र और शारदेय नवरात्र में देशभर से लाखों श्रद्धालु माता टेकरी पर आकर मां के दरबार में शीश नवाते हैं। कहा जाता है कि सच्चे मन से मांगी गई मुरादें मां के दरबार में प्राचीन समय से पूरी होती आई हैं।
इतिहास पर नजर डालें तो राजशेखर द्वारा दसवीं सदी के काव्य मीमांसा में देवभाष से तथा 12वीं सदी में चंदबरदाई द्वारा लिखित पृथ्वीराज रासो में देवास खंड के रूप में इसकी जानकारी मिलती है। इसके अनुसार देवास नगर का इतिहास लगभग एक हजार वर्ष प्राचीन है। प्रमाणों के अनुसार पहाड़ी पर स्थित मां चामुंडा देवी की मूर्ति लगभग दसवीं शताब्दी की बताई जाती है।
टेकरी पर एक सुरंग भी है जिससे करीब दो हजार साल पूर्व के इतिहास की जानकारी मिलती है। बताया जाता है कि यह उज्जैन और देवास के बीच गुप्त रूप से आने-जाने के लिए तैयार की गई थी। इस 45 किमी लंबी सुरंग का दूसरा छोर उज्जैन की भर्तहरि गुफा के पास निकलता है। किंवदंती तो यह भी है कि उस समय उज्जैन के राजा भर्तहरि मां चामुंडा की आराधना के लिए आते थे।
हालांकि यह सुरंग किसने और क्यों बनवाई इस संबंध में देवास के इतिहास में कोई ठोस जानकारी मौजूद नहीं है। संत शीलनाथ महाराज ने भी इसी सुरंग में अपनी साधना की थी। इसलिए इसे बाद में शीलनाथ गुफा का नाम दिया गया। शीलोत्कीर्ण मूर्ति और बीज मंत्र इसके खासियत है। स्वामी विष्णुतीर्थ तथा सामर्थ शीलनाथ ने यहां आकर अपना ठिकाना बनाया तो कुमार गंधर्व जैसे संगीत मनीषी ने टेकरी की गोद में आकर संगीत की साधना की और शिखर तक पहुंचे।
मां तुलजा भवानी (बड़ी माता)

टेकरी पर दक्षिण दिशा की ओर मां तुलजा भवानी यानी बड़ी माता का मंदिर स्थित है। इतिहासकारों के मुताबिक यह मंदिर भी चामुंडा माता मंदिर के समकालीन है। मंदिर में तुलजा माता की आधी प्रतिमा (ऊपरी हिस्सा) है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां तुलजा और मां चामुंडा दोनों बहनें हैं। प्राचीन समय में यह मंदिर छोटा था लेकिन अब इसे दर्शनार्थियों के लिए सुविधाजनक बनाया गया है।
मां चामुंडा (छोटी माता)

टेकरी पर उत्तर दिशा की ओर मां चामुंडा का मंदिर है। यह देवास सीनियर रियासत के राजाओं की कुलदेवी के रूप में पूजी जाती हैं। इतिहास में उल्लेखित जानकारी के अनुसार मां चामुंडा की प्रतिमा चट्टान में उकेरकर बनाई गई है। पुराविदों ने इस प्रतिमा को परमारकालीन बताया है। कुछ इतिहासकारों ने इस प्रतिमा को राष्ट्रकूटकालीन यानी आठवीं-नौवीं शताब्दी का बताया है। प्रतिमा की ऊंचाई 3.60 मीटर है। देवी के एक हाथ में त्रिशूल, दूसरे में खड़ग, तीसरे में ढाल और चौथे हाथ में नरमुंड है। मंदिर परिसर में शिव-काल भैरव का मंदिर है। धार्मिक मान्यता तो यह भी कहती हैं कि मां चामुंडा की यह प्रतिमा पहाड़ चीरकर स्वयं प्रकट हुई है।
अन्य मंदिर

कालका देवी, अन्नपूर्णा माता का मंदिर, खो-खो माता, अष्टभुजादेवी, दक्षिणाभिमुखी हनुमान मंदिर, कुबेर माता का मंदिर भी हैं। शीलनाथजी की गुफा भी है यहां मां चामुंडा माता मंदिर से कुछ नीचे की ओर योगीराज शीलनाथजी महाराज की तपोभूमि भी है। यहां पर उनकी वह गुफा भी है जिसमें बैठकर वे ध्यान लगाते थे।
कहते हैं इस गुफा से उज्जैन और अन्य स्थानों पर जाने के लिए गुप्त रास्ते भी हैं। गुफा में शंकर जी की पिंडी और पंचमुखी हनुमान जी का मंदिर भी है। ( नईदुनिया संदर्भ) उदय आरस, देवास।








No comments:

Post a Comment